मंडला। बुधवार को सीएम हेल्पलाइन पोर्टल एवं कार्यालयीन ईमेल पर प्राप्त अवैध आधार पंजीयन संबंधी शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने तत्काल जांच के निर्देश जारी किए। जानकारी मिलते ही एसडीएम मंडला श्रीमती सोनल सिडाम के नेतृत्व में पड़ाव क्षेत्र स्थित नेहा कम्प्यूटर केंद्र का औचक निरीक्षण किया गया।


निरीक्षण के दौरान टीम को दुकान में बिना अनुमति के आधार पंजीयन एवं अपडेट कार्य में उपयोग होने वाले उपकरण मिले। संचालक द्वारा किसी भी प्रकार की वैध अनुमति प्रस्तुत नहीं की गई, जिसके बाद प्रकरण को गंभीर मानते हुए कलेक्टर के निर्देशानुसार राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने दुकान को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया।

कार्रवाई के दौरान नायब तहसीलदार रामसिंह उलाड़ी सहित पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जिले में आधार पंजीयन से संबंधित अनियमितता को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
Author: Mahishmati Live











