आज विशाल वाहन रैली, 18 को कुंभ स्थल में विराट हिन्दू सम्मेलन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मंडला। हिंदू समाज को एकजुट करने और सामाजिक समरसता को सशक्त बनाने के उद्देश्य से हिंदू सम्मेलन आयोजन समिति, मंडला द्वारा दो दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम के तहत 17 जनवरी 2026, शनिवार को नगर में विशाल वाहन रैली निकाली जाएगी, जबकि 18 जनवरी 2026, रविवार को कुंभ स्थल में भव्य हिंदू सम्मेलन आयोजित होगा।

आयोजन समिति से प्राप्त जानकारी के अनुसार 17 जनवरी को दोपहर 1 बजे विशाल वाहन रैली अष्ट विनायक लॉन, डिंडोरी नाका से प्रारंभ होगी। रैली नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए माहिष्मति घाट पहुंचेगी, जहां भारत माता की आरती के साथ रैली का विधिवत समापन किया जाएगा। रैली में बड़ी संख्या में दोपहिया एवं चारपहिया वाहन शामिल होंगे, जिन्हें भगवा ध्वज और धार्मिक प्रतीकों से सजाया जाएगा।

रैली को लेकर नगर में उत्साह का माहौल है। आयोजन समिति द्वारा तैयार किए गए पोस्टर और बैनर शहरभर में लगाए गए हैं, जिनमें कार्यक्रम की तिथि, समय और आयोजन स्थल की जानकारी दी गई है। पोस्टर में हिंदू सम्मेलन का प्रतीक चिन्ह, भारत माता की तस्वीर और वाहन रैली के दृश्य प्रमुखता से दर्शाए गए हैं, जो आयोजन के व्यापक स्वरूप को दर्शाते हैं।

हिंदू सम्मेलन आयोजन समिति के संयोजक सुधीर कांसकार ने बताया कि रैली के अगले दिन 18 जनवरी को नगर के कुंभ स्थल में विशाल हिंदू सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य हिंदू समाज को एक मंच पर लाना, सामाजिक समरसता को मजबूत करना तथा स्थानीय स्तर पर नेतृत्व क्षमता का विकास करना है।

उन्होंने बताया कि सम्मेलन के माध्यम से प्रत्येक खंड एवं बस्ती स्तर पर हिंदू सम्मेलन समितियों के गठन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, ताकि लव जिहाद, मतांतरण सहित अन्य सामाजिक समस्याओं का समाधान स्थानीय स्तर पर किया जा सके। सम्मेलन में समाज के विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधि, प्रबुद्धजन और कार्यकर्ता शामिल होंगे।

आयोजन समिति के अनुसार हिंदू सम्मेलन का मूल भाव राष्ट्रहित में जिम्मेदार, जागरूक और संगठित समाज का निर्माण करना है, जिससे समाज के सभी वर्गों को जोड़ते हुए व्यापक एकता स्थापित की जा सके।

संयोजक सुधीर कांसकार ने मंडला नगर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के सभी समाजजनों से अपील की है कि वे 17 जनवरी की विशाल वाहन रैली तथा 18 जनवरी को कुंभ स्थल में आयोजित हिंदू सम्मेलन में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता कर आयोजन को सफल बनाएं।

Mahishmati Live
Author: Mahishmati Live

Leave a Comment

और पढ़ें