

मंडला से बड़ी खबर सामने आई है। बीती रात नेशनल हाईवे 30 पर बबैहा पुल के पास एक भीषण हादसा हो गया। चावल से भरा एक ट्रक पुल की रेलिंग तोड़ते हुए करीब 20 से 30 फीट नीचे बबैहा नाले में जा गिरा। हादसा इतना भयावह था कि ट्रक पूरी तरह पानी में समा गया।

जानकारी के मुताबिक, ट्रक जबलपुर से मंडला की ओर आ रहा था। तभी बबैहा पुल के पास अचानक उसका टायर फट गया। तेज रफ्तार में ट्रक का नियंत्रण बिगड़ा और वह पुल की रेलिंग तोड़ते हुए नीचे जा गिरा।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। सुबह होते ही SDERF की टीम भी मौके पर पहुंची और संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है।
आशंका जताई जा रही है कि ट्रक में दो लोग सवार थे, लेकिन दोनों का अभी तक कोई पता नहीं चल पाया है। ट्रक अभी भी नदी के पानी में डूबा हुआ है, और उसे बाहर निकालने के लिए भारी क्रेन मंगाई गई है।
जैसे ही ट्रक को बाहर निकाला जाएगा, फंसे हुए लोगों की तलाश तेज कर दी जाएगी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Author: Mahishmati Live











