दूध की गाड़ी में चल रहा था शराब का खेल, पुलिस ने 54 पेटी शराब के साथ तीन को दबोचा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

दूध के कंटेनरों में छिपाकर ले जाई जा रही 54 पेटी अंग्रेजी शराब जप्त
बीजाडांडी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीन आरोपी गिरफ्तार

मंडला। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर लगाम कसने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में बीजाडांडी पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए दूध के कंटेनरों के बीच छिपाकर ले जाई जा रही भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब को जप्त किया है। इस कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

मुखबिर सूचना पर की गई घेराबंदी

पुलिस अधीक्षक मंडला रजत सकलेचा के निर्देशन में जिले में अवैध मादक पदार्थ और शराब के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में थाना बीजाडांडी प्रभारी निरीक्षक अनीता कुड़ापे ने अपने पुलिस स्टाफ के साथ 5 मार्च 2026 की सुबह मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर नेशनल हाईवे-30 स्थित खूंटापड़ाव के पास घोंटा तिराहा पर घेराबंदी की।

घेराबंदी के दौरान पुलिस ने मैजिक वाहन (MP51ZC4766) को रोककर तलाशी ली। जांच में सामने आया कि वाहन में दूध के कंटेनरों के बीच छिपाकर अवैध अंग्रेजी शराब की पेटियां ले जाई जा रही थीं।

54 पेटी शराब बरामद, चालक गिरफ्तार

तलाशी के दौरान वाहन से 54 पेटी विभिन्न प्रकार की अंग्रेजी शराब बरामद की गई, जिसकी कुल मात्रा 426 लीटर है। मौके से वाहन चालक मनमोहन झारिया, निवासी ग्राम सालीवाड़ा (डिठोरी), थाना नैनपुर, जिला मंडला को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस से बचाने के लिए आगे चल रही थी दूसरी कार

जांच में यह भी सामने आया कि अवैध शराब के परिवहन को सुरक्षित बनाने के लिए एक अन्य टोयोटा ETIOS कार (WB06F9054) आगे-आगे चल रही थी, ताकि पुलिस की गतिविधियों की जानकारी दी जा सके।

पुलिस की तत्परता से इस वाहन को भी रोक लिया गया। इसमें सवार प्रिंस गुप्ता और संजय दोहरे उर्फ रेड, दोनों निवासी मंडला, को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

9.62 लाख रुपये का माल जप्त

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में सामान जप्त किया है, जिसमें शामिल हैं:

54 पेटी अंग्रेजी शराब (426 लीटर) — अनुमानित कीमत ₹2,77,540

दो चारपहिया वाहन (मैजिक और टोयोटा ETIOS) — अनुमानित कीमत ₹6,50,000

तीन मोबाइल फोन — ₹35,000

15 सिल्वर कलर के दूध के कंटेनर

कुल जप्त मशरूका की अनुमानित कीमत ₹9,62,540 आंकी गई है।

आरोपियों पर पहले से दर्ज हैं कई मामले

जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी आदतन अपराधी हैं।

संजय दोहरे उर्फ रेड के खिलाफ थाना कोतवाली मंडला में 4 आबकारी और थाना बीजाडांडी में 1 प्रकरण दर्ज है।

प्रिंस गुप्ता के खिलाफ थाना कोतवाली मंडला में 2 प्रकरण दर्ज हैं।

मनमोहन झारिया के खिलाफ भी पहले से 1 आबकारी प्रकरण दर्ज है।

पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश कर दिया है।

इन पुलिसकर्मियों की रही सराहनीय भूमिका

इस कार्रवाई में निरीक्षक अनीता कुड़ापे, सहायक उप निरीक्षक मुरारीलाल धुर्वे, प्रधान आरक्षक जय कुमार पांडे, रविन्द्र कुमार मरावी, आरक्षक संदीप मेवाड़ा, देवेन्द्र धुर्वे, अजय परस्ते, भोजराम मरकाम, विजय छिरा, आलोक कुमार मरावी, महिला आरक्षक सौदामिनी लोधी, रीना नागले, विशेष दस्ता अभिलाष झारिया और पायलट उत्तम साहू की सराहनीय भूमिका रही।

Mahishmati Live
Author: Mahishmati Live

Leave a Comment

और पढ़ें