नवीन कलेक्ट्रेट भवन को लेकर कलेक्टर ने की स्थिति स्पष्ट, अफवाहों से बचने की अपील

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मंडला | 9 फरवरी 2026

हाईकोर्ट में विचाराधीन है स्थान चयन का मामला

जिले में नवीन कलेक्ट्रेट भवन के निर्माण को लेकर चल रही चर्चाओं पर कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने सोमवार को स्थिति स्पष्ट की। जिला योजना भवन में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान उन्होंने बताया कि उद्यानिकी विभाग की भूमि पर कलेक्ट्रेट भवन निर्माण से संबंधित स्थान चयन का प्रकरण वर्तमान में माननीय हाईकोर्ट जबलपुर में विचाराधीन है। उन्होंने जानकारी दी कि आज निर्धारित सुनवाई माननीय न्यायाधीश के दिल्ली प्रवास के कारण आगे बढ़ा दी गई है।

वर्तमान कलेक्ट्रेट परिसर में बनेगा नया भवन

कलेक्टर श्री मिश्रा ने स्पष्ट किया कि विभागीय अधिकारियों द्वारा वर्तमान कलेक्ट्रेट परिसर में ही नवीन कलेक्ट्रेट भवन निर्माण का निर्णय लिया गया है। प्रस्तावित भवन जी-4/जी-5 श्रेणी का आधुनिक कलेक्ट्रेट होगा, जिसमें प्रशासनिक कार्यों के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

प्रशासनिक कार्यों में आएगी सुगमता

उन्होंने बताया कि नए कलेक्ट्रेट भवन के निर्माण से जिले के प्रशासनिक कार्य अधिक व्यवस्थित और सुचारू होंगे। आम नागरिकों को विभिन्न शासकीय कार्यों के लिए बेहतर सुविधाएं और एक ही परिसर में सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

अफवाहों से बचने की अपील

कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने जिलेवासियों से अपील की कि सोशल मीडिया पर फैल रही किसी भी प्रकार की भ्रामक जानकारी या अफवाहों पर विश्वास न करें। उन्होंने कहा कि नागरिक केवल आधिकारिक सूत्रों से प्राप्त जानकारी को ही सही मानें।

मीडिया प्रतिनिधि रहे उपस्थित

प्रेसवार्ता के दौरान अपर कलेक्टर राजेन्द्र कुमार सिंह सहित इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Mahishmati Live
Author: Mahishmati Live

Leave a Comment

और पढ़ें