राजकोट में आयोजित सीनियर बालिका वर्ग एक दिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट में मध्यप्रदेश सीनियर टीम की खिलाड़ी और मंडला जिले की प्रतिभाशाली स्पिनर शुचि उपाध्याय ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बड़ौदा टीम को करारी शिकस्त दिलाई। शुचि ने इस मुकाबले में पांच विकेट झटककर मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया।

238 रनों का मजबूत लक्ष्य
बड़ौदा ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण का फैसला लिया। मध्यप्रदेश की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 238 रनों का मजबूत लक्ष्य खड़ा किया। टीम की ओर से अनन्या दुबे ने शानदार शतक जड़ा, जबकि पूजा वस्त्रकार और संस्कृति गुप्ता ने भी महत्वपूर्ण योगदान देकर टीम को सशक्त स्थिति में पहुंचाया।
चौथे विकेट की साझेदारी से बढ़ी टक्कर
लक्ष्य का पीछा करने उतरी बड़ौदा टीम ने शुरुआत में संभलकर खेल दिखाया। चौथे विकेट के लिए 80 रनों की साझेदारी ने मध्यप्रदेश को कुछ समय के लिए दबाव में ला दिया था। मैच रोमांचक मोड़ पर पहुंच चुका था।
शुचि की फिरकी ने पलटा मैच
ऐसे समय में शुचि उपाध्याय की घातक गेंदबाजी ने मुकाबले की दिशा बदल दी। उन्होंने महज सात ओवरों में पांच विकेट लेकर बड़ौदा की पूरी रणनीति ध्वस्त कर दी। उनकी सटीक लाइन और लेंथ के सामने बल्लेबाज टिक नहीं पाए और मध्यप्रदेश ने मुकाबला अपने नाम कर लिया।
टूर्नामेंट में सर्वाधिक विकेट लेने वाली खिलाड़ी
शुचि उपाध्याय ने इस टूर्नामेंट में अब तक 14 विकेट अपने नाम कर लिए हैं और वह सर्वाधिक विकेट लेने वाली खिलाड़ियों में शामिल हो गई हैं। उनका यह प्रदर्शन न केवल मंडला बल्कि पूरे महाकौशल क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है।
खेल प्रेमियों ने दी बधाई
शुचि की इस उपलब्धि पर डीसीए मंडला के भीष्म द्विवेदी, अजय मिश्रा, इम्तियाज अली, निशांत झा, बसंत ठाकुर, अनिल सोनी, ललित जोशी, संजय बड़गियां, पंकज दुबे, अर्जुन भांडे, अक्षय चंद्रोल, मयंक अग्रवाल, शिवांशु तिवारी, फैजान खान सहित अनेक खेल प्रेमियों ने उन्हें शुभकामनाएं और बधाई दी है।
मंडला की इस उभरती क्रिकेट स्टार ने एक बार फिर साबित कर दिया कि प्रतिभा किसी पहचान की मोहताज नहीं होती।
Author: Mahishmati Live










