सीसीटीवी में कैद मंडला की बड़ी लूट

मंडला से बड़ी खबर सामने आई है, जहां कार सवार बदमाशों ने एक ज्वैलरी शॉप में बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया है। बदमाशों ने मौके पर अंधाधुंध फायरिंग की और लाखों रुपये की ज्वैलरी लूटकर फरार हो गए। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें लुटेरे फायरिंग करते हुए और लूट कर भागते दिखाई दे रहे हैं।


यह मामला मंडला कोतवाली थाना क्षेत्र के बजरंग चौक कटरा का है। जानकारी के अनुसार, आयुष सोनी अपनी दुकान बंद कर घर जाने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान उनके कर्मचारी ने दो बैग कार में रखे, और जैसे ही वह ट्रे रखने वाला था, तभी कार से चार बदमाश उतरे और अचानक फायरिंग शुरू कर दी। गोलीबारी से घबराकर कर्मचारी दुकान के अंदर भागा, लेकिन बदमाश भी उसके पीछे-पीछे दुकान में घुस गए।




दुकान के अंदर बदमाशों ने संचालक आयुष सोनी पर भी फायरिंग की। आयुष ने साहस दिखाते हुए बदमाशों को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने उन्हें धक्का देकर भाग निकले। घटना में आयुष सोनी को चार गोलियां लगीं — तीन गोलियां जांघ में आर-पार हो गईं, जबकि एक गोली पीठ में फंसी हुई है। उन्हें गंभीर हालत में जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉ. प्रवीण उइके ने प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। वारदात का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस बदमाशों के हुलिये और उनकी कार के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।
Author: Mahishmati Live











