मंडला में 2 करोड़ की लूट का बड़ा खुलासा, मास्टरमाइंड बिहार से गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

CCTV ने खोला राज! मंडला ज्वेलरी लूट के आरोपी गिरफ्तार

मास्टरमाइंड मो. खालिद से खुली सारी साजिश

मंडला जिले में 20 नवंबर की शाम कोतवाली थाना क्षेत्र के कटरा इलाके में स्थित आयुषी ज्वेलर्स में हुए दो करोड़ रुपये से अधिक के सोना–चांदी लूटकांड का पुलिस ने बड़ा खुलासा कर दिया है। इस हाई-प्रोफाइल केस में मध्यप्रदेश पुलिस और बिहार पुलिस की संयुक्त कार्रवाई ने अपराधियों की पूरी साजिश का पर्दाफाश कर दिया।

गुरुवार देर रात हुई संयुक्त छापेमारी में पुलिस ने बिहार के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया। इस पूरे लूटकांड का मास्टरमाइंड बरूराज थाना अंतर्गत रामपुरवा अखाड़ा निवासी मोहम्मद खालिद निकला। इसके साथ ही सदर थाना अंतर्गत अतरदह वार्ड 31 के शशि कुमार और पारू थाना क्षेत्र के ग्यासपुर निवासी कृष्णा कुमार सिंह को भी धर दबोचा गया। पुलिस ने मास्टरमाइंड खालिद की कार भी जब्त कर ली है, जो घटना में इस्तेमाल की गई थी। तीनों आरोपियों के मोबाइल फोन भी कब्ज़े में ले लिए गए हैं ताकि डिजिटल सबूत जुटाए जा सकें।

शुक्रवार को कोतवाली थाना मंडला के निरीक्षक शफीक खान ने आरोपियों को 48 घंटे की ट्रांजिट रिमांड पर लेने के लिए न्यायालय में आवेदन प्रस्तुत किया। पुलिस पूछताछ में तीनों ने अपना अपराध कबूल कर लिया है। इसी दौरान बड़ा खुलासा यह हुआ कि ग्यासपुर निवासी कृष्णा कुमार सिंह ने ही वारदात के दौरान गोली चलाई थी। कृष्णा ने बताया कि मास्टरमाइंड खालिद ने मंडला की ज्वेलरी दुकान में मौजूद दो से ढाई किलो सोने की जानकारी दी थी और इसी सूचना के आधार पर लूट की योजना बनाई।

17 नवंबर को ये तीनों आरोपी मंडला पहुंचे थे, जहाँ उन्होंने स्थानीय बदमाशों — पंकज ठाकुर, लक्कुश, शनि, अजहर और अन्य साथियों के साथ बैठक कर पूरी योजना को अंतिम रूप दिया।

पुलिस को घटना के तुरंत बाद CCTV फुटेज और मोबाइल टावर लोकेशन के आधार पर कार का सुराग मिल गया था। टोल प्लाज़ा फुटेज से कार मालिकों की पहचान की गई, जिससे सीधा धागा मो. खालिद तक पहुंच गया। खालिद की गिरफ्तारी के बाद बाक़ी दोनों आरोपियों को पकड़ना आसान हो गया।

घटना 20 नवंबर की शाम करीब 7:15 से 7:30 बजे के बीच हुई थी। कर्मचारी बॉबी यादव दुकान से सोना–चांदी से भरा बैग कार में रख रहा था, तभी हथियारबंद आरोपी बैग छीनकर भागने लगे। वहीं दुकान के अंदर घुसे बदमाश ने व्यवसायी आयुष सोनी से ज़ेवर निकालने को कहा, लेकिन विरोध करने पर उसके पैर में गोली मार दी।

पुलिस अब लूटे गए आभूषणों की बरामदगी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही चोरी गए आभूषणों के साथ और भी महत्वपूर्ण सुराग सामने आएंगे।

Mahishmati Live
Author: Mahishmati Live

Leave a Comment

और पढ़ें