मंडला मेडिकल कॉलेज निर्माण में देरी पर एमडी सख्त

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

10 महीनों में काम पूरा करने का आदेश

 

मंडला मेडिकल कॉलेज की साइट पर एमडी का निरीक्षण, गुणवत्ता जांच के सख्त निर्देश

मंडला मेडिकल कॉलेज के निर्माण में हो रही लगातार देरी पर अब मध्यप्रदेश भवन विकास निगम सख्त हो गया है। मध्यप्रदेश भवन विकास निगम भोपाल के प्रबंध संचालक सीवी चक्रवर्ती एम, प्रमुख अभियंता अनिल श्रीवास्तव, कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने निर्माणाधीन मेडीकल कॉलेज भवन का सोमवार को निरीक्षण किया और 10 महीने के भीतर हर हाल में काम पूरा करने के सख्त निर्देश दिए।

मंडला जिले में बन रहे मेडिकल कॉलेज का निर्माण पिछले कई महीनों से तय समय सीमा से पीछे चल रहा है। इसी देरी को लेकर सोमवार शाम मध्यप्रदेश भवन विकास निगम के प्रबंध संचालक सीवी चक्रवर्ती एम खुद मंडला पहुंचे। उन्होंने साइट पर जाकर निर्माण प्रगति की विस्तृत समीक्षा की।

निरीक्षण के बाद एमडी चक्रवर्ती ने बताया कि काम निर्धारित टाइमलाइन से पीछे है, इसलिए देरी के कारणों को समझने और समाधान खोजने के लिए वे पूरी टीम के साथ मंडला पहुंचे हैं।

उन्होंने ठेकेदार, आर्किटेक्ट और स्थानीय प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक कर निर्देश दिए कि, सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें अगले 10 महीनों में किसी भी हाल में निर्माण कार्य पूरा किया जाए। गुणवत्ता से समझौता न हो हर कॉलम की अल्ट्रासाउंड स्कैनिंग की जाए। मटेरियल ग्रेडिंग मशीन से निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की जांच अनिवार्य की जाए।

oplus_131072
oplus_131072

बैठक के दौरान एमडी ने प्लंबिंग, लाइटिंग, टाइल्स, इलेक्ट्रिकल फिटिंग और अन्य फिनिशिंग वर्क की बारीकी से समीक्षा की और जहां आवश्यक था, सुधार के निर्देश दिए।

इसी दौरान कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने बिल्डिंग के अग्रभाग (फ्रंट फेस) पर पारंपरिक ‘गोड़ी पेंटिंग’ किए जाने का सुझाव दिया, ताकि कॉलेज की बाहरी संरचना जिले की सांस्कृतिक पहचान को दर्शा सके।

इसके अलावा मुख्य प्रवेश द्वार के डिजाइन पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

एमडी चक्रवर्ती ने साफ कहा है कि किसी भी प्रकार की प्रक्रियागत देरी या गुणवत्ता की कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अब देखना यह होगा कि तय 10 महीनों की नई समय सीमा में मंडला मेडिकल कॉलेज का निर्माण आखिर कितनी तेजी पकड़ता है।

 

Mahishmati Live
Author: Mahishmati Live

Leave a Comment

और पढ़ें