मंडला। श्रद्धा, भक्ति और समर्पण का अद्भुत संगम जिले में देखने को मिल रहा है। भक्तों के श्रद्धा सहयोग से 25,000 से अधिक रुद्राक्षों से एक भव्य शिवलिंग का निर्माण त्रिलोक सिंधिया द्वारा किया गया है। यह दिव्य शिवलिंग जिला पंचायत मंडला के सामने स्थित हनुमान, शेषनाग एवं राम दरबार मंदिर में स्थापित किया जाएगा।


जानकारी के अनुसार, दिनांक 14 फरवरी 2026, शनिवार को शाम 4:00 बजे त्रिलोक सिंधिया के निवास, जो कि प्राइवेट बस स्टैंड के पीछे स्थित है, वहां से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। यह शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए मंदिर परिसर पहुंचेगी, जहां विधि-विधान के साथ शिवलिंग की स्थापना की जाएगी।

इसके अगले दिन, 15 फरवरी 2026, रविवार को महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर दोपहर 2:00 बजे से सामूहिक रूप से रुद्राभिषेक, हवन-पूजन और प्रसादी वितरण का आयोजन किया जाएगा। संध्या काल में दीपदान कार्यक्रम भी आयोजित होगा। संपूर्ण धार्मिक अनुष्ठान विद्वान रामनाथ शास्त्री के सानिध्य में संपन्न कराया जाएगा।
मंदिर व्यवस्थापक सुधीर कांसकार ने समस्त श्रद्धालुओं से आग्रह किया है कि वे सपरिवार उपस्थित होकर शोभायात्रा एवं धार्मिक अनुष्ठान में भाग लें और पुण्य लाभ अर्जित करें। साथ ही यह भी बताया गया है कि यह संपूर्ण आयोजन भक्तों के श्रद्धा सहयोग से संपन्न हो रहा है, अतः सभी से सहयोग की अपेक्षा है।
आप सभी श्रद्धालु सादर आमंत्रित हैं। आइए, इस दिव्य अवसर पर भगवान भोलेनाथ के चरणों में अपनी श्रद्धा अर्पित करें और शोभायात्रा व रुद्राभिषेक में सम्मिलित होकर धर्म लाभ प्राप्त करें।
हर-हर महादेव… ओम नमः शिवाय।
Author: Mahishmati Live











