बिनेका में खौफनाक सड़क हादसा, सीसीटीवी में कैद टक्कर
गलत दिशा बनी जानलेवा
सीसीटीवी फुटेज में दिखा दर्दनाक मंजर, स्कूटी के उड़े परखच्चे
मंडला जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत बिनेका गांव के चौरसिया मोहल्ला में एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। गैस सिलेंडरों से लदे मालवाहक ऑटो और स्कूटी के बीच हुई जोरदार भिड़ंत में स्कूटी सवार दो युवतियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। यह पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका फुटेज अब सामने आया है।


सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, एक बाइक सवार अपनी सही लेन में आगे बढ़ रहा था। इसी दौरान अचानक गलत दिशा से एक स्कूटी आती दिखाई देती है, जिस पर दो लड़कियां सवार थीं। सामने से आ रही बाइक को बचाने की कोशिश में स्कूटी चला रही युवती संतुलन खो बैठी और स्कूटी अनियंत्रित होकर सीधे सामने से आ रहे मालवाहक ऑटो से जा टकराई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवतियां उछलकर सड़क पर दूर जा गिरीं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में हादसे का मुख्य कारण गलत दिशा से वाहन चलाना बताया जा रहा है। यह घटना एक बार फिर सड़क पर यातायात नियमों के पालन की गंभीर जरूरत को उजागर करती है।
Author: Mahishmati Live











