ट्रैक्टर लोन का झांसा देकर की गई ठगी
महाराजपुर थाना क्षेत्र में ट्रैक्टर लोन दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीड़ित गोपी राम नंदा (57 वर्ष), निवासी ग्राम गढ़ी, चौकी हिरदेनगर ने चौकी में दर्ज रिपोर्ट में बताया कि ग्राम मांद निवासी खगेश झारिया ने उन्हें ट्रैक्टर लोन दिलाने का भरोसा दिलाया।

एचडीएफसी बैंक से कराया गया ऋण स्वीकृत
आरोपी खगेश झारिया ने एचडीएफसी बैंक जबलपुर से ₹4,09,000/- का ऋण स्वीकृत कराया। ट्रैक्टर क्रय न हो पाने की स्थिति में आरोपी ने 25 नवंबर 2025 को यह राशि बैंक से निकलवाकर पीड़ित के खाते में जमा कराई।
अधिक ऋण दिलाने का झांसा, फर्जी बैंक कर्मचारी बनकर वसूली
इसके बाद आईसीआईसीआई बैंक से अधिक ऋण दिलाने का लालच देकर आरोपी ने अपने दो साथियों—प्रत्येश ठाकुर और सचिन पटेल—को बैंक कर्मचारी बताकर पीड़ित से रकम ले ली।
फर्जी जमा रसीद थमाई गई
आरोपियों ने पीड़ित को एचडीएफसी बैंक की ₹3,91,300/- की फर्जी जमा रसीद थमा दी। जब पीड़ित के खाते से ऋण की किस्त कटने लगी और बैंक में जानकारी ली गई, तो पता चला कि उक्त राशि बैंक में कभी जमा ही नहीं की गई थी।
कूट-रचित दस्तावेजों से सुनियोजित धोखाधड़ी
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने कूट-रचित दस्तावेज तैयार कर सुनियोजित तरीके से धोखाधड़ी करते हुए पीड़ित की राशि हड़प ली।
तीनों आरोपी गिरफ्तार
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने 14 जनवरी 2026 को तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया।
गिरफ्तार आरोपी
खगेश झारिया – निवासी ग्राम मांद, चौकी अंजनिया
प्रत्येश ठाकुर – निवासी ग्राम मांद, चौकी अंजनिया
सचिन पटेल – निवासी ग्राम मांद
नकद बरामद, आपराधिक इतिहास भी सामने आया
मुख्य आरोपी खगेश झारिया से ₹15,000/- नकद बरामद किए गए हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि खगेश झारिया के विरुद्ध पूर्व में कोतवाली, बम्हनी और घुघरी थानों में धोखाधड़ी एवं विश्वासघात के प्रकरण दर्ज हैं।
शेष राशि की तलाश जारी
पुलिस द्वारा शेष ठगी गई राशि की बरामदगी के लिए आगे की कार्रवाई जारी है।
Author: Mahishmati Live











