श्रम पदाधिकारी को कारण बताओ नोटिस

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

संकल्प से समाधान अभियान की सुस्त रफ्तार पर कार्रवाई, श्रम पदाधिकारी को कारण बताओ नोटिस

मंडला | 25 फरवरी 2026

अभियान की समीक्षा में खुली प्रगति की पोल

जिले में संचालित “संकल्प से समाधान” अभियान की विभागवार समीक्षा बैठक में श्रम विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठे हैं। समीक्षा के दौरान पाया गया कि अभियान शुरू होने के 20 दिन से अधिक समय बीत जाने के बावजूद निर्धारित सेवाओं का मैदानी स्तर पर क्रियान्वयन अत्यंत धीमा है।

प्रशासन ने इसे लापरवाही मानते हुए सख्त रुख अपनाया है।

निर्माण श्रमिक पंजीयन में बड़ी संख्या में आवेदन लंबित

निर्माण श्रमिकों के पंजीयन से संबंधित कुल 1863 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 796 स्वीकृत, 6 अस्वीकृत और 802 निराकृत किए गए हैं, जबकि 1061 आवेदन अब भी लंबित हैं।

इसी प्रकार मध्यप्रदेश भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार मंडल के अंतर्गत 431 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 111 स्वीकृत, 111 निराकृत और 320 आवेदन लंबित पाए गए।

अनुग्रह सहायता और दुर्घटना मामलों में भी धीमी प्रगति

मृत्यु की दशा में अनुग्रह सहायता योजना के तहत कुल 163 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें 73 स्वीकृत, 73 निराकृत और 90 आवेदन लंबित हैं।

निर्माण कार्य के दौरान दुर्घटना में स्थायी अपंगता के 6 मामलों में से 5 स्वीकृत, 5 निराकृत और 1 आवेदन लंबित है।

वहीं राज्य लोक सेवा आयोग और संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा में सफलता पर पुरस्कार योजना के तहत प्राप्त 1 आवेदन भी अब तक लंबित है।

कलेक्टर ने जारी किया कारण बताओ नोटिस

जिले के कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने श्रम पदाधिकारी आर.के. मिश्रा को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया है। नोटिस में कहा गया है कि विभागीय दायित्वों और शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन में अपेक्षित रुचि नहीं ली जा रही है, जो गंभीर लापरवाही दर्शाता है।

यह कृत्य मध्यप्रदेश सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के नियम 3(1) के उप नियम (एक), (दो) और (तीन) के विपरीत माना गया है।

दो दिन में मांगा गया जवाब, कार्रवाई की चेतावनी

नोटिस में निर्देशित किया गया है कि संबंधित अधिकारी दो दिवस के भीतर लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें। निर्धारित समय में संतोषजनक उत्तर नहीं मिलने की स्थिति में उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी, जिसकी जिम्मेदारी स्वयं अधिकारी की होगी।

प्रशासन के इस कदम को अभियान की गति बढ़ाने और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Mahishmati Live
Author: Mahishmati Live

Leave a Comment

और पढ़ें