148वीं बटालियन सीआरपीएफ के जांबाज ‘सिम्बा’ श्वान का निधन

मंडला।

Central Reserve Police Force (सीआरपीएफ) की 148वीं बटालियन का एक बहादुर और वफादार सदस्य ‘सिम्बा’ श्वान अब हमारे बीच नहीं रहा। गुर्दों की गंभीर बीमारी से जूझ रहे सिम्बा ने 16 फरवरी 2026 की सुबह अंतिम सांस ली। वह पिछले कुछ समय से College of Veterinary Science and Animal Husbandry, Jabalpur में उपचाराधीन था। चिकित्सकों के अथक प्रयासों के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका।

सिम्बा का अंतिम संस्कार 148वीं बटालियन के मुख्यालय (कैंप) में पूरे सैन्य सम्मान और विधि-विधान के साथ किया गया। तिरंगे में लिपटे इस वीर साथी को जवानों और अधिकारियों ने नम आंखों से अंतिम विदाई दी। उसके सम्मान में गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया और पुष्पचक्र अर्पित कर उसकी सेवाओं को याद किया गया।

3 अप्रैल 2018 को जन्मे सिम्बा ने 30 जून 2021 से 148वीं वाहिनी में अपनी सेवाएं देनी शुरू की थीं। अपने कार्यकाल के दौरान उसने कई महत्वपूर्ण अभियानों में भाग लिया और अपनी मुस्तैदी से बल को सुरक्षा चुनौतियों से निपटने में अहम सहयोग दिया। वह न केवल एक प्रशिक्षित श्वान था, बल्कि जवानों के लिए सच्चे साथी और परिवार के सदस्य जैसा था।

148वीं वाहिनी के द्वितीय कमान अधिकारी प्रमोद कुमार यादव ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि सिम्बा की वफादारी और समर्पण हमेशा प्रेरणादायक रहेंगे। उन्होंने कहा कि सिम्बा की कमी बल में लंबे समय तक महसूस की जाएगी।

अंतिम संस्कार के अवसर पर द्वितीय कमान अधिकारी प्रमोद कुमार यादव, उप कमांडेंट अमरी प्रसाद, उप कमांडेंट मनोरंजन कुमार सहित अन्य अधिकारी और जवान उपस्थित रहे।
सिम्बा भले ही आज हमारे बीच नहीं है, लेकिन उसकी बहादुरी, निष्ठा और सेवाएं हमेशा याद की जाती रहेंगी।
Author: Mahishmati Live











