मधुवन ढाबा के पास क्रिकेट बैट और धारदार हथियार से हमला
लूट की झूठी कहानी बनाकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश

मंडला जिले के टिकरिया थाना क्षेत्र में हुए सुमित काछी हत्याकांड का पुलिस ने महज दो दिन में खुलासा कर दिया। इस सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया था। तेज़ और सटीक जांच के बाद पुलिस ने मृतक की पत्नी और उसके कथित प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है।

मधुवन ढाबा के पास मिली लाश, इलाके में फैली दहशत
14 फरवरी को कूड़ामैली के पास मधुवन ढाबा के समीप एक युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान जबलपुर निवासी सुमित काछी के रूप में हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए मंडला पुलिस अधीक्षक स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और जांच के निर्देश दिए।
अवैध संबंध बना हत्या की वजह

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि सुमित की पत्नी जमुना उर्फ कविता के पड़ोस के मंदिर के पुजारी सूर्यकांत से संबंध थे। जानकारी के मुताबिक, पति सुमित को जब इस रिश्ते की भनक लगी तो घर में लगातार विवाद होने लगे। इसी तनाव के बीच दोनों ने सुमित को रास्ते से हटाने की साजिश रची।
पहले से रचा गया था हमला करने का प्लान
11 फरवरी की शाम सुमित और उसकी पत्नी मंडला की ओर निकले। टिकरिया थाना क्षेत्र के मधुवन ढाबा के पास सूर्यकांत पहले से घात लगाए खड़ा था। आमना-सामना होते ही दोनों के बीच झगड़ा हुआ। आरोप है कि सूर्यकांत ने क्रिकेट बैट से सुमित पर हमला किया। इसके बाद तीनों जंगल की ओर चले गए, जहां धारदार हथियार से वार कर सुमित की हत्या कर दी गई।
लूट की झूठी कहानी से गुमराह करने की कोशिश
हत्या के बाद पत्नी ने टिकरिया थाने पहुंचकर लूट की झूठी कहानी गढ़ी। उसने पुलिस को बताया कि कुछ अज्ञात लोगों ने हमला किया और उसका पति डर के मारे भाग गया। हालांकि 13 फरवरी को सुमित के भाई ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराते हुए अपनी भाभी पर शक जताया।
पूछताछ में टूटी चुप्पी, खुल गया पूरा राज
पुलिस ने जब जमुना को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की तो उसने पूरा सच कबूल कर लिया। इसके बाद सूर्यकांत को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार बरामद करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस की तत्परता से दो दिन में सुलझा मामला
टिकरिया थाना पुलिस की त्वरित कार्रवाई और तकनीकी जांच के चलते यह जघन्य हत्याकांड महज दो दिनों में सुलझ गया। फिलहाल दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या और साजिश की धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Author: Mahishmati Live











