हमदर्दी का सच्चा संदेश—मोंटफोर्ट विद्यालय ने जरूरतमंद बच्चों तक पहुँचाई स्वेटर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मोंटफोर्ट विद्यालय की अनोखी सामाजिक पहल 220 बच्चों को मिला गर्माहट का उपहार

मंडला जिले के विंझिया स्थित शासकीय माध्यमिक विद्यालय में एक प्रेरणादायक दृश्य देखने को मिला, जब मोंटफोर्ट विद्यालय परिवार ने लगभग 220 छात्र-छात्राओं को गर्म कपड़ों की सहायता प्रदान की। संस्था प्रमुख ब्रदर बिनु चेरियन के नेतृत्व में मोंटफोर्ट विद्यालय पिछले तीन वर्षों से गरीब और जरूरतमंद विद्यार्थियों की मदद के लिए लगातार कार्य कर रहा है।

इसी क्रम में इस वर्ष भी विद्यालय द्वारा विज्ञान प्रदर्शनी में कक्षा 12वीं वाणिज्य के विद्यार्थियों और शिक्षकों द्वारा लगाए गए फूड स्टॉल से जो राशि प्राप्त हुई, उसी धनराशि से स्वेटर खरीदे गए और इन्हें जरूरतमंद बच्चों में वितरित किया गया। यह कदम बच्चों के लिए न केवल राहत भरा रहा, बल्कि समाज के प्रति संवेदनशीलता का अद्भुत उदाहरण भी बना।

कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी मुन्नी बाई वरकड़े, सहायक संचालक मेश्राम जी, खंड शिक्षा अधिकारी रंजीत गुप्ता, मोंटफोर्ट विद्यालय के प्राचार्य ब्रदर बिनु चेरियन, शासकीय विद्यालय के प्राचार्य मुकेश पांडे सहित दोनों विद्यालयों के शिक्षक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे।

कार्यक्रम की शुरुआत मोंटफोर्ट विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत एक सुंदर गीत से हुई। इसके बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने अपने संक्षिप्त उद्बोधन में संस्था प्रमुख ब्रदर बिनु चेरियन और विद्यालय परिवार को धन्यवाद देते हुए कहा कि इस पहल से बच्चों का उत्साह बढ़ेगा और उनमें समाजसेवा की भावना विकसित होगी।

बाद में अधिकारियों द्वारा बच्चों को स्वेटर वितरित किए गए, जिन्हें पाकर बच्चे काफी खुश नजर आए। कार्यक्रम के अंत में मेश्राम जी ने भी सभी को संबोधित करते हुए मोंटफोर्ट विद्यालय के प्राचार्य, स्टाफ और विद्यार्थियों को धन्यवाद दिया।

अंत में ब्रदर बिनु चेरियन ने आश्वासन दिया कि विद्यालय आगे भी ऐसी सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से जरूरतमंद विद्यार्थियों की मदद करता रहेगा।

Mahishmati Live
Author: Mahishmati Live

Leave a Comment

और पढ़ें