नैनपुर थाना क्षेत्र के जामगांव में घर का ताला तोड़कर हुई थी चोरी, मुखबिर की सूचना पर रेलवे स्टेशन पिंडरई से पकड़े गए तीनों आरोपी
मंडला। जिले के नैनपुर थाना क्षेत्र में चोरी के एक मामले में पिंडरई पुलिस चौकी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात भी बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 80 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार, सूचना मिलने के छह घंटे के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी गए जेवरात की बरामदगी की कार्रवाई की गई।

जामगांव में घर का ताला तोड़कर चोरी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम जामगांव निवासी धनराज अहिरवार (59), पिता स्वर्गीय विश्राम अहिरवार ने 10 अक्टूबर 2026 को नैनपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 1 सितंबर से 10 अक्टूबर 2026 के बीच अज्ञात व्यक्ति ने उनके घर के दरवाजे का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए।
चोरी गए आभूषणों की कीमत करीब 80 हजार रुपये बताई गई। शिकायत के आधार पर थाना नैनपुर में अपराध क्रमांक 469/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) और 305(ए) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
मुखबिर की सूचना पर रेलवे स्टेशन से गिरफ्तारी
संपत्ति संबंधी अपराधों में आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी के लिए पुलिस अधीक्षक मंडला के निर्देश पर कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिवकुमार वर्मा, एसडीओपी नैनपुर मनीष राज और थाना प्रभारी नैनपुर निरीक्षक ओ.पी. रावत के मार्गदर्शन में पिंडरई चौकी प्रभारी निरीक्षक अंशुल गुप्ता ने विशेष टीम गठित की।
पुलिस टीम ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर 10 अक्टूबर को रेलवे स्टेशन पिंडरई से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संदीप रजक (32), मंजू अहिरवार (30) और विशाल अहिरवार (25), तीनों निवासी ग्राम पौंडी, चौकी पिंडरई, थाना नैनपुर, जिला मंडला के रूप में हुई है।
सोने के कान के फूल और चांदी की पायजेब बरामद
पुलिस के अनुसार, आरोपियों से चोरी गए जेवरात बरामद किए गए हैं। इनमें एक जोड़ी सोने के कान के फूल और एक जोड़ी चांदी की पायजेब शामिल हैं। बरामद आभूषणों की कुल अनुमानित कीमत करीब 80 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद 11 अक्टूबर 2026 को उन्हें न्यायालय नैनपुर में पेश किया। इसके बाद उन्हें जेल भेज दिया गया।
इन पुलिसकर्मियों की रही सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी पिंडरई निरीक्षक अंशुल गुप्ता, सहायक उपनिरीक्षक सेवकराम, प्रधान आरक्षक 116 मोहन कुडापे, प्रधान आरक्षक 95 अवधेश पासी, आरक्षक 560 सचिन रंगारे और आरक्षक 723 जयकिशन मात्रे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस की इस कार्रवाई में चोरी के मामले का शीघ्र खुलासा करते हुए तीन आरोपियों की गिरफ्तारी और कथित तौर पर चोरी गए पूरे जेवरात की बरामदगी की गई।









