सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर बनास डेयरी अमूल केंद्र में मनाया गया “राष्ट्रीय एकता दिवस”

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

The Prime 24 News

प्रतापगढ़, 31 अक्टूबर 2025 । भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर शुक्रवार को प्रतापगढ़ स्थित बनासकांठा जिला सहकारी दूध उत्पादक संघ लिमिटेड (बनास डेयरी अमूल) के अवशीतन केंद्र पर “राष्ट्रीय एकता दिवस” बड़े उत्साह के साथ मनाया गया । कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किसानों व दूध उत्पादकों में “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” तथा “बिना सहकार नहीं उद्धार” के सिद्धांत को जन-जन तक पहुँचाना रहा । इस अवसर पर एकता दौड़ व एकता मार्च का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के सैकड़ों दूध उत्पादकों, युवाओं और सहकारी संगठनों के प्रतिनिधियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया ।

समारोह में वक्ताओं ने सरदार वल्लभभाई पटेल के अद्वितीय योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने न केवल देश को राजनीतिक रूप से एकजुट किया बल्कि सहकारिता आंदोलन को भी सशक्त दिशा दी । गौरतलब है कि 6 जुलाई 2025 को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने गुजरात के आनंद में सरदार पटेल कोऑपरेटिव डेयरी फेडरेशन (SPCDF) की स्थापना की थी, जिसका उद्देश्य देशभर के दूध उत्पादकों को संगठित कर उन्हें पारदर्शी बाजार, उचित मूल्य और आधुनिक तकनीकी सुविधाएँ प्रदान करना है । कार्यक्रम में विधायक जीतलाल पटेल, वरिष्ठ भाजपा नेता आशुतोष त्रिपाठी, पूर्व सभासद राजेश सिंह, बी.एस. मेमोरियल पब्लिक स्कूल के प्रबंध निदेशक राकेश सिंह, सभासद अनिल सिंह, तथा बनास डेयरी की ओर से मानवेंद्र सिंह भदौरिया, शिवप्रकाश पाठक (इंचार्ज प्रतापगढ़), शक्ति सिंह और किशन गुप्ता विशेष रूप से उपस्थित रहे ।

समारोह के अंत में सरदार पटेल के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की गई और राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं सहकारिता की भावना को सुदृढ़ करने का संकल्प लिया गया ।

Mahishmati Live
Author: Mahishmati Live

Leave a Comment

और पढ़ें