The Prime 24 News

प्रतापगढ़, 31 अक्टूबर 2025 । भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को आईटीआई परिसर में “राष्ट्रीय एकता दिवस” समारोह का आयोजन किया गया । इस अवसर पर “माई युवा भारत, आईटीआई प्रतापगढ़” एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में गोष्ठी, एकता रैली तथा शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित हुआ । गोष्ठी की अध्यक्षता आईटीआई के प्राचार्य आलोक कुमार ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित माई युवा भारत के उपनिदेशक समर बहादुर सिंह ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण योगदान रहा । उन्होंने महात्मा गांधी के नेतृत्व में असहयोग आंदोलन और भारत छोड़ो आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाई । स्वतंत्र भारत की 565 रियासतों को एकजुट कर उन्होंने राष्ट्रीय एकता और अखंडता की मिसाल कायम की । उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे सरदार पटेल के जीवन से प्रेरणा लेकर देश की एकता, अखंडता और सहकारिता की भावना को मजबूत करें ।
कार्यक्रम में युवा कल्याण एवं प्रादेशिक दल अधिकारी सुमित पाल ने पटेल के जीवन पर विस्तृत प्रकाश डालते हुए कहा कि लौह पुरुष की दृढ़ इच्छाशक्ति और संगठन क्षमता आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है । कार्यक्रम का संचालन माई युवा भारत के वरिष्ठ लेखाकार विनय मिश्रा ने किया । इस अवसर पर राष्ट्रीय एकता रैली का आयोजन किया गया, जो आईटीआई परिसर से प्रारंभ होकर सरोज चौराहा, अंसारी नर्सिंग होम, पीडब्ल्यूडी कार्यालय होते हुए पुलिस लाइन गेट तक निकाली गई । वहां पहुंचकर रैली एक सभा में परिवर्तित हुई, जहाँ उपस्थित अधिकारियों और युवाओं ने सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की तथा राष्ट्रीय एकता की शपथ ली ।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ, शिक्षण स्टाफ, युवा स्वयंसेवक एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे । पूरे कार्यक्रम में देशभक्ति और एकता का अद्भुत उत्साह देखने को मिला ।
Author: Mahishmati Live











