मोकामा कांड में बड़ा खुलासा : जनसुराज समर्थक दुलारचंद यादव की मौत गोली से नहीं, फेफड़ा फटने और कार्डियक अरेस्ट से हुई

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

The Prime 24 News

पटना/मोकामा । बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान मोकामा में जनसुराज पार्टी के समर्थक दुलारचंद यादव की संदिग्ध मौत के मामले में अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने बड़ा खुलासा किया है । रिपोर्ट के मुताबिक, दुलारचंद यादव की मौत गोली लगने से नहीं, बल्कि फेफड़ा फटने और कार्डियक अरेस्ट की वजह से हुई है ।

तीन डॉक्टरों की मेडिकल टीम द्वारा तैयार की गई इस रिपोर्ट में बताया गया है कि पीछे से किसी भारी वस्तु से धक्का लगने के कारण दुलारचंद नीचे गिर पड़े, जिससे उनके सीने की कई हड्डियाँ टूट गईं और फेफड़ा फट गया । इसी गंभीर चोट और आंतरिक रक्तस्राव के चलते उनका हृदय काम करना बंद कर गया । रिपोर्ट अब मामले की इन्वेस्टिगेटिंग ऑफिसर (IO) को सौंप दी गई है । डॉक्टरों की टीम ने स्पष्ट किया है कि शव पर किसी गोली के घाव के निशान नहीं मिले हैं ।

मामले ने राजनीतिक रंग ले लिया था, क्योंकि दुलारचंद यादव जनसुराज पार्टी के सक्रिय समर्थक बताए जा रहे थे । घटना के बाद पार्टी ने हत्या का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की थी । चुनाव आयोग ने भी संज्ञान लिया है और इस पूरे प्रकरण पर बिहार के डीजीपी से विस्तृत रिपोर्ट तलब की है । पुलिस अब फोरेंसिक साक्ष्यों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर घटना के कारणों की गहराई से जांच कर रही है । स्थानीय स्तर पर इस मामले ने जनाक्रोश भी पैदा किया है । ग्रामीणों ने प्रशासन से पारदर्शी जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है । अब देखना होगा कि पुलिस जांच में आगे क्या तथ्य सामने आते हैं और इस मौत का जिम्मेदार कौन ठहराया जाता है ।

 

#Bihar #BiharElection #DularchandYadav #Mokama #JanSuraaj #ThePrime24News

Mahishmati Live
Author: Mahishmati Live

Leave a Comment

और पढ़ें