डीएम की सख्ती से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

◆“वर्ष में एक भी प्रसव न कराने वाली आशाओं की सेवा समाप्त की जाए” – जिलाधिकारी शिव सहाय अवस्थी

प्रतापगढ़, 03 नवम्बर 2025 (संवाददाता) । जिलाधिकारी शिव सहाय अवस्थी ने सोमवार को विकास भवन सभागार में हुई जिला स्वास्थ्य समिति (शासी निकाय) की बैठक में स्वास्थ्य विभाग को लेकर कड़ा रुख अपनाया । उन्होंने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि – “जिन आशा कार्यकर्ताओं द्वारा एक वर्ष में एक भी प्रसव नहीं कराया गया है, उनकी सेवा तत्काल समाप्त करने की कार्यवाही की जाए ।” डीएम ने कहा कि जो आशाएं तीन या छह महीने में भी एक भी प्रसव नहीं करा सकीं, उनसे स्पष्टीकरण प्राप्त किया जाए । उन्होंने चेतावनी दी कि स्वास्थ्य योजनाओं में सुस्ती या लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी ।

बैठक में जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की, जिनमें आयुष्मान भारत गोल्डन कार्ड, नियमित टीकाकरण, ई-कवच, आभा आईडी, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम, कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम, पोषण पुनर्वास केन्द्र, एसएनसीयू, जन्म-मृत्यु पंजीकरण एवं राष्ट्रीय वेक्टर वार्न डिजीज कंट्रोल प्रोग्राम प्रमुख रहे ।

उन्होंने निर्देश दिया कि जिन प्रभारी चिकित्साधिकारियों की प्रगति संतोषजनक नहीं है, वे तत्काल सुधार करें अन्यथा उनके विरुद्ध कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी ।
डीएम ने कहा कि जनता से जुड़ी योजनाओं के प्रभावी संचालन में किसी भी स्तर की लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा ।

मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दिव्या मिश्रा ने समस्त प्रभारी चिकित्साधिकारियों को निर्देशित किया कि सीएचसी एवं पीएचसी पर रखे मीटिंग रजिस्टर और जननी सुरक्षा योजना के भुगतान रजिस्टर को पूरी तरह अपडेट रखा जाए । बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. ए.एन. प्रसाद, समस्त प्रभारी चिकित्साधिकारी एवं स्वास्थ्य विभाग से जुड़े अधिकारी उपस्थित रहे ।

 

Mahishmati Live
Author: Mahishmati Live

Leave a Comment

और पढ़ें