IAS के विवादित बयान पर आग बबूला हुआ ब्राह्मण समाज
जला दिया आईएएस अधिकारी का पुतला…
कलेक्ट्रेट के सामने नारेबाजी, सौंपा ज्ञापन
मंडला जिले में आज ब्राह्मण समाज का आक्रोश खुलकर सामने आया। पूर्व आईएएस संतोष कुमार वर्मा द्वारा ब्राह्मण समाज पर की गई आपत्तिजनक और अमर्यादित टिप्पणी के विरोध में सर्व ब्राह्मण समाज ने आज 27 नवंबर को मंडला कलेक्ट्रेट पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और कड़े शब्दों में कार्रवाई की मांग की।

ब्राह्मण समाज के सैकड़ों सदस्य आज सुबह मंडला शहर में एकत्र हुए और कलेक्ट्रेट कार्यालय तक आक्रोश रैली निकालते हुए पहुंचे। रैली के दौरान समाज के लोगों ने संतोष वर्मा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

सबसे खास बात यह रही कि इस विरोध प्रदर्शन में मातृशक्ति की भारी भागीदारी देखने को मिली। बड़ी संख्या में ब्राह्मण महिलाएँ भी रैली में शामिल हुईं और समाज की मर्यादा व सम्मान का मुद्दा मजबूती से उठाया।

कलेक्ट्रेट कार्यालय के सामने समाज के सदस्यों ने संतोष वर्मा का पुतला दहन किया और इसे ब्राह्मण समाज के सम्मान पर खुले हमले के रूप में बताया। समाज ने कहा कि ऐसी जातिगत और अमर्यादित टिप्पणी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पर कड़ी कार्रवाई होना जरूरी है।

सर्व ब्राह्मण समाज, मंडला ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपते हुए मांग की कि:
– संतोष वर्मा पर तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाए
– समाज विशेष का अपमान करने के अपराध में FIR दर्ज हो
– सरकार सार्वजनिक रूप से स्पष्ट बयान दे
– भविष्य में इस तरह की टिप्पणियों पर कठोर रोक लगे
रैली में शामिल ब्राह्मण समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि यह सिर्फ एक समुदाय नहीं, बल्कि पूरे समाज की गरिमा का सवाल है।
मंडला जिले में आज का यह विरोध प्रदर्शन स्पष्ट करता है कि ब्राह्मण समाज इस मुद्दे पर पूरी तरह एकजुट है और सम्मान की लड़ाई जारी रखेगा।
Author: Mahishmati Live











