मंडला | 07 जनवरी 2026

जिला आबकारी अधिकारी रामजी पांडेय के मार्गदर्शन में आबकारी विभाग मंडला द्वारा अवैध शराब के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई की गई। यह कार्रवाई मंडला से लगे महाराजपुर क्षेत्र के मड़ईजर ग्राम में की गई।
अवैध शराब निर्माण के अड्डों पर कार्रवाई

आबकारी विभाग की टीम ने अवैध रूप से मदिरा निर्माण करने वाले अड्डों पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान अलग-अलग अड्डों से कुल 180 डब्बे महुआ लाहन बरामद किए गए। प्रत्येक डब्बे में लगभग 10 किलो महुआ लाहन भरा हुआ पाया गया।
1800 किलो महुआ लाहन मौके पर नष्ट

बरामद किए गए लगभग 1800 किलो महुआ लाहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। इसके साथ ही अड्डों पर लगी हुई भट्टियों को भी तोड़कर नष्ट किया गया।
110 लीटर कच्ची मदिरा जब्त

कार्रवाई के दौरान मदिरा निर्माण करने वाले अड्डों से 110 लीटर कच्ची शराब भी जब्त की गई। जब्त मदिरा एवं लाहन की कुल अनुमानित कीमत लगभग 1,96,500 रुपये बताई जा रही है।
आरोपी मौके से फरार

आबकारी बल को देखकर मौके पर मौजूद आरोपी फरार हो गए। फिलहाल अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है।
कार्रवाई आगे भी रहेगी जारी
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और विक्रय के विरुद्ध ऐसी कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
कार्रवाई में ये अधिकारी-कर्मचारी रहे मौजूद
इस कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक शैली सैयाम, सर्वेश नागवंशी, सचिन मंडलोई, मुख्य आरक्षक हरे सिंह, दुर्जन कुलेश, भानु पुसाम, आरक्षक रघुनाथ उइके, विजय कमलेश, नेतराम ककोटिया, सत्यपाल मरावी एवं शकुंतला सैयाम उपस्थित रहे।
Author: Mahishmati Live











