रोजगार मेले से पहले युवाओं के लिए मॉक इंटरव्यू, कलेक्टर के निर्देश

मंडला। आगामी 20 जनवरी को आयोजित होने वाले वृहद रोजगार मेले (महा युवा संगम) की तैयारियों को लेकर जिला कौशल विकास समिति की बैठक कलेक्ट्रेट के गोलमेज कक्ष में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने की। उन्होंने रोजगार मेले में भाग लेने वाले युवाओं को पहले से तैयार करने पर विशेष जोर दिया।

रोजगार मेले से पहले युवाओं की होगी विशेष तैयारी
कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने निर्देश दिए कि रोजगार मेले के पूर्व पंजीकृत बेरोजगार युवाओं के लिए रिज्यूमे तैयार करने और मॉक इंटरव्यू के सत्र अनिवार्य रूप से आयोजित किए जाएं, ताकि युवा आत्मविश्वास के साथ कंपनियों के इंटरव्यू में शामिल हो सकें।
36 कंपनियों के 2200 पदों पर होगी भर्ती
बैठक में जानकारी दी गई कि इस रोजगार मेले में जिले सहित अन्य क्षेत्रों की विनिर्माण और सर्विस सेक्टर की 36 कंपनियां भाग लेंगी, जिनके माध्यम से लगभग 2200 रिक्त पदों पर युवाओं की भर्ती की जाएगी।
कंट्रोल रूम बनाकर होगी टेलीकॉलिंग

कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पिछले पांच वर्षों में महाविद्यालय, पॉलीटेक्निक एवं आईटीआई से पासआउट युवाओं की सूची तैयार की जाए। संस्थानों में कंट्रोल रूम स्थापित कर टेलीकॉलिंग के माध्यम से युवाओं को रजिस्ट्रेशन के लिए प्रेरित किया जाए।
योग्यता के अनुसार वैकेंसी से होगी मैचिंग
उन्होंने कहा कि पंजीकृत युवाओं की योग्यता और आवश्यकता के अनुसार कंपनियों की वैकेंसी से पूर्व मैचिंग कराई जाए, जिससे रोजगार मेले के दिन काउंसलिंग और इंटरव्यू प्रक्रिया सुचारू रूप से हो सके। टेक्निकल और नॉन-टेक्निकल युवाओं की अलग-अलग सूची तैयार करने के निर्देश भी दिए गए।
20 जनवरी को आरडी कॉलेज में होगा रोजगार मेला
यह वृहद रोजगार मेला पीएम श्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस (आरडी कॉलेज बड़ी खैरी) के ऑडिटोरियम में आयोजित किया जाएगा। इसमें 10वीं, 12वीं, आईटीआई, डिप्लोमा और स्नातक पास युवा भाग ले सकेंगे। साथ ही उद्योग विभाग द्वारा स्वरोजगार के अवसर भी उपलब्ध कराए जाएंगे।
ऑनलाइन लिंक से कर सकते हैं पंजीकरण
रोजगार मेले में शामिल होने के लिए युवा निम्न लिंक के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं:
https://forms.gle/bHAnn9JhSMgpqruA7
पूर्व में पंजीकरण कर चुके युवाओं को दोबारा रजिस्ट्रेशन करने की आवश्यकता नहीं है।
संपर्क के लिए हेल्पलाइन नंबर
अधिक जानकारी के लिए कार्यालयीन समय में निम्न नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है:
शासकीय आईटीआई मंडला: 7999651705
जिला रोजगार कार्यालय मंडला: 9407312872
जिला उद्योग एवं व्यापार केंद्र मंडला: 8989690987
बैठक में ये अधिकारी रहे उपस्थित
बैठक में सीईओ जिला पंचायत शाश्वत सिंह मीना, डिप्टी कलेक्टर सचिन जैन एवं संस्कार बावरिया, पॉलीटेक्निक कॉलेज, पीएम श्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस और आईटीआई के प्राचार्य सहित उद्योग एवं रोजगार विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
Author: Mahishmati Live











