मंडला में जुए के अड्डे पर बड़ी पुलिस कार्रवाई
मंडला जिले में अवैध जुए के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लाखों की नगदी, वाहन और मोबाइल फोन जब्त किए हैं। यह कार्रवाई थाना बिछिया क्षेत्र के ग्राम फोंक सिझौरा में की गई, जहां जुए का संगठित अड्डा संचालित किया जा रहा था।

मध्यरात्रि में विशेष टीम की योजनाबद्ध रेड

पुलिस अधीक्षक मंडला रजत सकलेचा के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव कुमार वर्मा के मार्गदर्शन में, 08 फरवरी 2026 की मध्यरात्रि को मंडला पुलिस की विशेष टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि फोंक सिझौरा गांव में अवैध रूप से पैसे लगाकर जुआ खेला जा रहा है।
चार पुलिस पार्टियों ने की घेराबंदी
सूचना की तस्दीक के बाद उप पुलिस अधीक्षक सतीष चतुर्वेदी (महिला सुरक्षा मंडला एवं प्रभारी एसडीओपी बिछिया) के नेतृत्व में चार अलग-अलग पुलिस पार्टियां गठित की गईं। योजनाबद्ध तरीके से की गई घेराबंदी में उमेश राय उर्फ मुनिया के घर पर दबिश दी गई।
जुआ खेलते 07 आरोपी रंगे हाथ पकड़े गए

रेड के दौरान मौके से 07 आरोपियों को जुआ खेलते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए आरोपियों में वैभव मिश्रा (बिछिया), संजय चौकसे (बरगी), आनंद बंदेवार (बम्हनी), राजेश खमपरिया (बरगी), फरीद अली (परवाडा), सचिन उद्दे (बम्हनी बंजर) और राजकुमार उर्फ राजा (अंजनिया) शामिल हैं।
चार आरोपी फरार, तलाश जारी

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि जुआ खिलाने और नाल काटने वाले अतुल कटारे (बिछिया), महेश बंजारा (बम्हनी), अलाल कसार (बिछिया) और उमेश राय उर्फ मुनिया (फोंक सिझौरा) अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। पुलिस द्वारा फरार आरोपियों की तलाश लगातार जारी है।
लाखों की नगदी, वाहन और मोबाइल जब्त

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से ₹3,21,200 नगद राशि, 08 मोबाइल फोन और 03 चार पहिया वाहन जब्त किए हैं। जब्त वाहनों के नंबर MP20 ZX 7828, MP20 MC 1642 और MP20 CL 5533 बताए गए हैं। जब्त सामग्री का कुल अनुमानित मूल्य लगभग ₹19,01,200 बताया गया है।
जुआ एक्ट और बीएनएस के तहत मामला दर्ज

गिरफ्तार सभी आरोपियों के विरुद्ध धारा 13 जुआ एक्ट एवं धारा 49 बीएनएस के अंतर्गत विधिसम्मत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
पुलिस टीम की अहम भूमिका

इस कार्रवाई में डीएसपी सतीष चतुर्वेदी, थाना प्रभारी बिछिया निरीक्षक रंजीत सिंह सैयाम सहित कई अधिकारी एवं पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Author: Mahishmati Live











