“पीएम राहत” योजना का प्रभावी क्रियान्वयन शुरू
मंडला पुलिस सक्रिय: “पीएम राहत” योजना से दुर्घटना पीड़ितों को तत्काल इलाज

सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने एवं जनहानि को कम करने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश पुलिस एवं स्वास्थ्य विभाग के समन्वय से संचालित “पीएम राहत (PM RAHAT)” कैशलैस उपचार योजना का जिले में प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक मंडला रजत सकलेचा के निर्देशन में जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारियों को योजना के अंतर्गत प्राप्त प्रकरणों का समयबद्ध पुलिस सत्यापन करने के निर्देश दिए गए हैं।


योजना के तहत स्वास्थ्य विभाग द्वारा ट्रीटमेंट मैनेजमेंट सिस्टम (TMS) के माध्यम से सड़क दुर्घटना से संबंधित प्रकरण तैयार कर उन्हें पुलिस सत्यापन हेतु eDAR पोर्टल के माध्यम से संबंधित थाना क्षेत्र को भेजा जा रहा है। निर्देशित किया गया है कि दुर्घटना स्थल जिस थाना क्षेत्र में आता है, वहां की पुलिस द्वारा 24 से 48 घंटे के भीतर अनिवार्य रूप से सत्यापन किया जाए, जिससे घायल व्यक्तियों के उपचार में किसी प्रकार की देरी न हो।

यदि दुर्घटना स्थल अन्य जिले से संबंधित पाया जाता है, तो प्रकरण को 03 घंटे के भीतर संबंधित जिले को अग्रेषित करना सुनिश्चित किया जाएगा। पुलिस अधीक्षक कार्यालय स्तर पर नामित अधिकारी द्वारा इसकी नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है तथा लंबित प्रकरणों की सतत समीक्षा की जा रही है।

मंडला पुलिस का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि पुलिस सत्यापन में विलंब के कारण किसी भी सड़क दुर्घटना पीड़ित को उपचार से वंचित न होना पड़े। योजना की प्रगति की निगरानी रीयल टाइम डैशबोर्ड के माध्यम से उच्च स्तर पर की जा रही है।

मंडला पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि सड़क दुर्घटना की स्थिति में घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुँचाने में सहयोग करें तथा यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित समाज के निर्माण में सहभागी बनें।
Author: Mahishmati Live











