मंडला, मध्य प्रदेश: मंडला जिले के टिकरिया थाना क्षेत्र में बालई नदी में डूबे युवक का शव लगभग 48 घंटे बाद बरामद कर लिया गया। बुधवार शाम नदी में शव तैरता हुआ दिखाई देने के बाद पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों और नाव की मदद से शव को बाहर निकाला। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए नारायणगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया गया है।

पुल के पास नहाने गया था युवक, अचानक गहरे पानी में चला गया
जानकारी के अनुसार सोमवार दोपहर नारायणगंज के पास नेशनल हाईवे-30 पर बने बालई नदी पुल के पास युवक नहाने के लिए नदी में उतरा था। इसी दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते डूबकर लापता हो गया। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी।

नागपुर का रहने वाला था मृतक, सड़क निर्माण में करता था मजदूरी
पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान सुभाष भलावी (28) पुत्र सूरजलाल भलावी निवासी पिंडरई देवलापार, जिला नागपुर (महाराष्ट्र) के रूप में हुई है। बताया गया है कि वह यहां सड़क निर्माण कार्य से जुड़े एक ठेकेदार के अधीन मजदूरी करता था और काम के सिलसिले में मंडला में रह रहा था।

नदी में दो दिन तक चलता रहा सर्च ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही टिकरिया पुलिस और एसडीईआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई थी। सोमवार शाम से ही नदी में तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया था। मंगलवार को भी गोताखोरों और एसडीईआरएफ की टीम ने सुबह से शाम तक युवक की तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।
तीसरे दिन शाम को नदी में तैरता दिखा शव
टिकरिया थाना प्रभारी प्रदीप पांडे के अनुसार बुधवार को भी पुलिस स्थानीय लोगों के साथ युवक की तलाश कर रही थी। इसी दौरान शाम करीब 5:30 बजे नदी में शव तैरता हुआ दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को बाहर निकालकर नारायणगंज स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया।
परिजन पहुंचे नारायणगंज, पोस्टमार्टम के बाद सौंपा जाएगा शव
पुलिस ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई थी। सूचना मिलते ही मृतक का भाई, बहनोई और मामा नारायणगंज पहुंच गए हैं। गुरुवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
Author: Mahishmati Live










