सीआरपीएफ ने शहीद शोभनाथ राठौर को बलिदान दिवस पर दी श्रद्धांजलि

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देश की सुरक्षा में अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर जवानों को कभी भुलाया नहीं जाता। इसी परंपरा को निभाते हुए सीआरपीएफ की 148वीं वाहिनी ने शहीद शोभनाथ राठौर के बलिदान दिवस पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

148वीं वाहिनी के कमांडेंट विक्रांत सारंगपाणि के मार्गदर्शन में उप कमांडेंट मनोरंजन कुमार और सीआरपीएफ के जवान 11 मार्च 2014 को देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीद शोभनाथ राठौर के गृह ग्राम बर्री, जिला अनुपपुर पहुंचे।

इस दौरान सीआरपीएफ अधिकारियों और जवानों ने शहीद के परिजनों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और उन्हें सम्मानपूर्वक श्रद्धांजलि दी।

कार्यक्रम के दौरान शहीद शोभनाथ राठौर के स्मारक पर पुष्प अर्पित कर और माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया। इस मौके पर उपस्थित जवानों और स्थानीय लोगों ने भी शहीद को श्रद्धा सुमन अर्पित किए।

सीआरपीएफ अधिकारियों ने कहा कि शहीद शोभनाथ राठौर का बलिदान देश के प्रति उनके अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण का प्रतीक है। उनका यह सर्वोच्च बलिदान हमेशा देशवासियों को प्रेरणा देता रहेगा।

इस कार्यक्रम का उद्देश्य वीर जवानों के सर्वोच्च बलिदान को याद करना, उनके परिवारों के प्रति सम्मान और एकजुटता प्रकट करना तथा सीआरपीएफ की गौरवशाली परंपराओं को आगे बढ़ाना है।

Mahishmati Live
Author: Mahishmati Live

Leave a Comment

और पढ़ें