बम्हनी पुलिस की बड़ी सफलता: चोरी गए सोने-चांदी के जेवरात बरामद, पांच आरोपी गिरफ्तार

मंडला, 29 मई 2026। मंडला जिले की बम्हनी पुलिस ने चोरी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए चोरी गए सोने-चांदी के जेवरात एवं नगदी बरामद कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई में तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना का उपयोग करते हुए आरोपियों तक पहुंच बनाई।
घर से चोरी हुई थी एल्यूमिनियम की पेटी
थाना बम्हनी में वार्ड क्रमांक 08 घटिया निवासी जानकी कार्तिकेय ने 15 मई 2026 को शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके घर से अज्ञात चोर एल्यूमिनियम की पेटी चोरी कर ले गए। पेटी में सोने-चांदी के जेवरात, 10 हजार रुपये नगद, वाहन के दस्तावेज एवं कपड़े रखे हुए थे। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 1.60 लाख रुपये बताई गई थी।
पुलिस ने गठित की विशेष टीम
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक राजेश रघुवंशी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिवकुमार वर्मा तथा एसडीओपी नैनपुर मनीष राज के मार्गदर्शन में थाना बम्हनी से उप निरीक्षक पुनीत बाजपेयी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने लगातार जांच और आरोपियों की तलाश शुरू की।
खैरागढ़ से पकड़े गए आरोपी
जांच के दौरान पुलिस ने संदेही हमराज यादव निवासी घटिया और एक विधि विरुद्ध बालक को छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ से हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने दहू पटेल निवासी अंजनिया के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
चोरी के जेवरात बेचने का खुलासा
पूछताछ में यह भी सामने आया कि चोरी किए गए जेवरातों का कुछ हिस्सा बादल यादव, जयंत कुशराम और अभिषेक रजक के माध्यम से अंसू सोनी को बेचा गया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हमराज यादव, बादल यादव, जयंत कुशराम, अभिषेक रजक और अंसू सोनी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं मुख्य आरोपी दहू पटेल की तलाश जारी है।
आरोपियों से बरामद हुआ चोरी का सामान
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गए माल में शामिल एक जोड़ी सोने के झुमके, एक सोने की अंगूठी, तीन सोने की गुरिया, तीन सोने की पत्ती, एक चांदी का खुचमा, दो चांदी के ब्रेसलेट, एक चांदी का करधन तथा एक हजार रुपये नगद बरामद किए हैं।
न्यायालय में किया गया पेश
गिरफ्तार सभी आरोपियों को माननीय न्यायालय मंडला में पेश किया गया, जहां आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक पुनीत बाजपेयी, उप निरीक्षक अरुण प्रताप सिंह भदौरिया, उप निरीक्षक प्रवीण शर्मा, उप निरीक्षक अतुल वासनिक, सहायक उप निरीक्षक शिशांक श्रीवास्तव सहित थाना बम्हनी के पुलिस स्टाफ एवं साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
मंडला जिले के बम्हनी थाना पुलिस ने चोरी के मामले का खुलासा करते हुए सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए। पांच आरोपी गिरफ्तार, एक आरोपी फरार।








