कलेक्टर राहुल नामदेव धोटे ने किया थावर डैम का निरीक्षण

मंडला | 5 अगस्त 2026:
मंडला कलेक्टर राहुल नामदेव धोटे ने नैनपुर क्षेत्र स्थित थावर डैम का निरीक्षण कर जलाशय की व्यवस्थाओं, जलस्तर, सुरक्षा इंतजामों एवं अन्य आवश्यक प्रबंधों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और डैम क्षेत्र के समग्र विकास पर चर्चा की।

पर्यटन विकास की संभावनाओं पर विशेष जोर
भ्रमण के दौरान कलेक्टर ने थावर डैम को पर्यटन से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि डैम का प्राकृतिक सौंदर्य, शांत ग्रामीण परिवेश, फिशिंग गतिविधियां और आकर्षक जलाशय का दृश्य पर्यटकों को आकर्षित करने की पर्याप्त क्षमता रखते हैं। इन विशेषताओं का बेहतर उपयोग कर क्षेत्र को एक प्रमुख ग्रामीण पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा सकता है।
होम-स्टे मॉडल से ग्रामीणों को मिलेगा रोजगार
कलेक्टर ने अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) को निर्देश दिए कि क्षेत्र में होम-स्टे विकसित किए जाने की संभावनाओं का परीक्षण किया जाए। उनका कहना था कि होम-स्टे मॉडल से स्थानीय ग्रामीणों को रोजगार और अतिरिक्त आय के अवसर मिलेंगे, वहीं पर्यटकों को स्थानीय संस्कृति और ग्रामीण जीवन का अनुभव भी प्राप्त होगा।
अधिकारियों को कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश
कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों से कहा कि थावर डैम की पर्यटन संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाए और पर्यटन विकास के लिए प्रभावी पहल सुनिश्चित की जाए। निरीक्षण के दौरान एसडीएम नैनपुर आशुतोष ठाकुर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।










