दूसरे दिन भी कलेक्ट्रेट के पास डटे आंदोलनकारी, भारी बारिश के बीच जारी रहा धरना

मंडला में राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग मोर्चा का आंदोलन दूसरे दिन भी जारी है। 2 सितंबर से शुरू हुए अनिश्चितकालीन क्रमिक धरना-प्रदर्शन के तहत 3 सितंबर को भी आंदोलनकारी कलेक्ट्रेट के पास डटे हुए हैं। लगातार हो रही भारी बारिश के बावजूद प्रदर्शनकारियों ने अपना मोर्चा संभाले रखा और मांगों को लेकर धरना जारी रखा।

जातिवार जनगणना को लेकर मुख्य मांग
मोर्चा की प्रमुख मांग है कि जनगणना-2027 में OBC को अलग से आंकड़ा उपलब्ध कराया जाए और जातियों की गिनती के लिए ड्रॉपडाउन सूची दी जाए। संगठन इसे सामाजिक प्रतिनिधित्व और वास्तविक आंकड़ों से जुड़ा महत्वपूर्ण मुद्दा बता रहा है।

कई अन्य मांगों को लेकर भी आंदोलन
मोर्चा ने धान का समर्थन मूल्य 3500 रुपये करने, क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत, खाद-बीज एवं कीटनाशक दवाओं के दाम कम करने, भावांतर योजना वापस लागू करने, स्कूलों में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने, बढ़ती महंगाई पर रोक लगाने और बैकलॉग भर्ती तत्काल कराने जैसी मांगें भी उठाई हैं।
आंदोलन आगे कितना बढ़ेगा?
फिलहाल आंदोलन का दूसरा दिन है और प्रदर्शनकारी अपनी मांगों को लेकर धरना स्थल पर मौजूद हैं। भारी बारिश के बीच भी आंदोलन जारी रहने से साफ है कि मोर्चा अपनी मांगों को लेकर पीछे हटने के मूड में नहीं है। अब देखना होगा कि प्रशासन की ओर से इस आंदोलन को लेकर क्या पहल की जाती है।









