मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम की कक्षाओं का शुभारंभ

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पीएम श्री रानी दुर्गावती महाविद्यालय में BSW-MSW के नए सत्र की शुरुआत, पौधारोपण और नशामुक्ति की शपथ

मंडला। मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद्, विकासखंड मंडला द्वारा मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम अंतर्गत वर्ष 2026-27 के बीएसडब्ल्यू और एमएसडब्ल्यू पाठ्यक्रम की कक्षाओं का विधिवत शुभारंभ पीएम श्री रानी दुर्गावती महाविद्यालय मंडला में किया गया। सत्रारंभ कार्यक्रम को “एक पेड़ मां के नाम” और नशामुक्ति अभियान की थीम से जोड़ा गया।

तिलक-वंदन और पौधा भेंट कर हुआ विद्यार्थियों का स्वागत

कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इस दौरान नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं का तिलक-वंदन कर स्वागत किया गया और उन्हें पौधे भेंट किए गए।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राज्य कार्यालय भोपाल के टास्क मैनेजर दरियाव सिंह सूर्यवंशी, विशिष्ट अतिथि के रूप में स्वदेशी जागरण मंच के प्रांतीय प्रमुख विनायक राव तांबे, बाल संरक्षण आयोग की सदस्य तृप्ति शुक्ला, वरिष्ठ समाजसेविका प्रिया धुर्वे, विकासखंड समन्वयक संतोष कुमार झारिया, परामर्शदाता एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

गांव और समाज के विकास के लिए तैयार होंगे युवा नेतृत्वकर्ता

मुख्य अतिथि दरियाव सिंह सूर्यवंशी ने कहा कि मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम का उद्देश्य स्व-प्रेरणा से ग्राम एवं समाज के विकास में योगदान देने वाले युवाओं को शिक्षित कर सशक्त सामाजिक नेतृत्वकर्ता के रूप में विकसित करना है। उन्होंने बताया कि पाठ्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता और सामाजिक कार्य की समझ विकसित की जाती है।

उन्होंने बताया कि जन अभियान परिषद् के माध्यम से प्रदेशभर में लगभग 50 हजार विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। प्रत्येक विद्यार्थी को एक गांव को प्रयोगशाला के रूप में दिया जाता है, जहां वे समाज और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने का कार्य करते हैं।

स्वदेशी, पर्यावरण और नशामुक्ति का दिया संदेश

विकासखंड समन्वयक संतोष कुमार झारिया ने पाठ्यक्रम की गतिविधियों और संचालन की विस्तृत जानकारी दी। वहीं विनायक राव तांबे ने “स्वदेशी अपनाओ, देश बचाओ” का संदेश देते हुए देश में निर्मित वस्तुओं और सेवाओं को प्राथमिकता देने की अपील की।

प्रिया धुर्वे ने एक अच्छे नेतृत्वकर्ता के गुणों पर प्रकाश डालते हुए ईमानदारी, स्पष्ट संवाद, दूरदृष्टि, सहानुभूति और जिम्मेदारी को प्रभावी नेतृत्व की पहचान बताया। तृप्ति शुक्ला ने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान और नशामुक्ति के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।

पुस्तक वितरण के साथ पौधारोपण और नशामुक्ति की शपथ

कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को पाठ्यक्रम की पुस्तकें वितरित की गईं। इसके बाद महाविद्यालय परिसर में पौधारोपण किया गया और सभी विद्यार्थियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। वंदे मातरम गीत के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

कार्यक्रम का संचालन आशीष नामदेव ने किया, जबकि रागिनी हरदहा ने उपस्थित अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Mahishmati Live
Author: Mahishmati Live

Leave a Comment

और पढ़ें