मंडला में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 1200 किलो महुआ लाहन नष्ट, 45 लीटर कच्ची शराब जब्त

ग्राम मुर्गाटोला में अवैध शराब निर्माण के तीन अड्डों पर दबिश
मंडला। जिले में अवैध शराब के निर्माण एवं विक्रय के विरुद्ध आबकारी विभाग द्वारा गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की गई। मंडला वृत्त के अंतर्गत ग्राम मुर्गाटोला में आबकारी बल ने दबिश देकर अवैध शराब निर्माण के तीन अड्डों पर कार्रवाई की। इस दौरान लगभग 1200 किलो महुआ लाहन तथा 45 लीटर हाथ भट्टी की कच्ची शराब बरामद कर जब्त की गई।

120 डिब्बों में मिला महुआ लाहन
कार्रवाई के दौरान तीन अलग-अलग अड्डों से करीब 120 डिब्बे महुआ लाहन बरामद हुए। प्रत्येक डिब्बे में लगभग 10 किलो महुआ लाहन भरा हुआ पाया गया। बरामद सामग्री को नियमानुसार जब्त कर मौके पर ही 1200 किलो महुआ लाहन नष्ट कर दिया गया।

आबकारी टीम को देखकर आरोपी फरार
दबिश के दौरान आबकारी विभाग की टीम को देखते ही अवैध शराब निर्माण में संलिप्त आरोपी मौके से फरार हो गए। विभाग ने अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
जब्त सामग्री की कीमत 1.26 लाख रुपये से अधिक
आबकारी विभाग के अनुसार जब्त महुआ लाहन एवं कच्ची शराब की कुल अनुमानित कीमत 1 लाख 26 हजार 750 रुपये आंकी गई है। विभाग ने बताया कि अवैध शराब निर्माण में उपयोग की जा रही सामग्री को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
कार्रवाई में शामिल रहा आबकारी अमला
इस कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक सर्वेश नागवंशी, सचिन मंडलोई, हरे सिंह उइके, दुर्जन कुलेश, प्रधान आरक्षक विजय कमलेश तथा आरक्षक सत्यपाल मरावी, शकुंतला सैयाम, रघुनाथ उइके, महेश पटेल, नेतराम काकोटिया और बिहारी साहू सहित आबकारी विभाग का अमला मौजूद रहा।
अवैध शराब के खिलाफ अभियान रहेगा जारी
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन एवं विक्रय में संलिप्त लोगों के विरुद्ध आगे भी लगातार सघन कार्रवाई जारी रहेगी।










