कुर्मी समाज की मातृ शक्तियों ने मनाया हरियाली तीज महोत्सव
मंडला। कुर्मी समाज विकास संगठन, जिला मंडला के आह्वान पर जिला मुख्यालय स्थित सरदार पटेल मंगल भवन, बिंझिया में जिला स्तरीय हरियाली तीज महोत्सव का आयोजन किया गया। “आओ पेड़ लगाएं—सच्चे भारतीय कहलाएं” थीम पर आयोजित कार्यक्रम में जिलेभर से बड़ी संख्या में मातृशक्तियों, बच्चों और परिजनों ने सहभागिता की। कार्यक्रम मनोरंजन, संस्कृति, सामाजिक जागरूकता और महिला सशक्तिकरण का संदेश देने वाला रहा।

सरदार पटेल, भारत माता और उमिया माता का पूजन कर हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ सरदार पटेल, भारत माता एवं कुर्मी समाज की कुलदेवी उमिया माता के चित्रों पर पूजन-अर्चन के साथ हुआ। इसके बाद सावन माह के पावन अवसर पर भगवान महाकाल एवं माता महागौरी की पूजा कर भव्य आरती की गई।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
कार्यक्रम में महिलाओं और बच्चों ने विभिन्न सामाजिक एवं समसामयिक विषयों पर अपने विचार रखे। वहीं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हरे परिधानों में सजी महिलाओं और बच्चों ने पारंपरिक सावनी गीतों पर नृत्य प्रस्तुत कर उत्सव का रंग जमाया। सावन के पारंपरिक झूले का भी महिलाओं ने अपनी सखियों के साथ आनंद लिया।

स्मृति में किया गया वृक्षारोपण
“आओ पेड़ लगाएं—सच्चे भारतीय कहलाएं” थीम के तहत समाज की पूर्व महिला अध्यक्ष स्मृति शेष श्रीमती सुधा सिंगौर की स्मृति में महिलाओं द्वारा वृक्षारोपण किया गया। आयोजन के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के साथ सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश भी दिया गया।

‘समाज में पानी बंद’ कुप्रथा पर नुक्कड़ नाटक
महोत्सव का प्रमुख आकर्षण ‘समाज में पानी बंद’ जैसी सामाजिक कुप्रथा पर आधारित नुक्कड़ नाटक रहा। महिलाओं ने प्रभावी प्रस्तुति के माध्यम से इस प्रथा के दुष्परिणामों को सामने रखा। नाटक के जरिए संदेश दिया गया कि किसी व्यक्ति या परिवार का सामाजिक बहिष्कार करना गंभीर सामाजिक समस्या है और ऐसी कुप्रथाओं के खिलाफ जागरूकता जरूरी है।

खेल और प्रतियोगिताओं के जरिए महिला सशक्तिकरण
महिलाओं और बच्चों के लिए विभिन्न रोचक खेल, प्रतियोगिताएं एवं गायन कार्यक्रम आयोजित किए गए। आयोजन के माध्यम से महिलाओं को सामाजिक रूप से सक्रिय और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सकारात्मक संदेश देने का प्रयास किया गया।

विशेषज्ञों ने महिलाओं को किया जागरूक
महिला सशक्तिकरण की दिशा में आयोजित कार्यशाला में जिला चिकित्सालय मंडला में पदस्थ डॉ. अंकिता पटेल एवं डॉ. राशि सिंगौर ने महिलाओं का मार्गदर्शन किया। उन्होंने महिलाओं से स्वास्थ्य, जागरूकता और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

एकता और संगठन के साथ आगे बढ़ने का संदेश
कार्यक्रम का संचालन श्रीमती गौरी राजकुमार सिंगौर ने किया। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य जिले की महिलाओं और बच्चों को एकता के सूत्र में जोड़कर उन्हें सफलता के नए आयाम स्थापित करने के लिए प्रेरित करना है।
प्रतिभागियों को दिए प्रशस्ति पत्र और उपहार
कार्यक्रम के समापन पर प्रतिभागी महिलाओं, बच्चों और परिजनों को प्रशस्ति पत्र एवं उपहार प्रदान किए गए। कुर्मी समाज विकास संगठन ने कार्यक्रम में शामिल सभी मातृशक्तियों, अतिथियों, बच्चों एवं परिजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।









