
कुर्मी समाज विकास संगठन की नई जिला कार्यकारिणी का गठन, सी.बी. पटेल बने अध्यक्ष
बिंझिया के सरदार वल्लभभाई पटेल मंगल भवन में संपन्न हुआ त्रैवर्षिक चुनाव
मंडला जिले के बिंझिया स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल मंगल भवन में कुर्मी समाज विकास संगठन के त्रैवर्षिक जिला कार्यकारिणी चुनाव सर्वसम्मति एवं निर्विरोध संपन्न हुए। इस दौरान समाज के सैकड़ों स्वजातीय भाई-बहन एवं मातृशक्ति की गरिमामयी उपस्थिति रही। संगठन द्वारा प्रत्येक तीन वर्ष में जिला कार्यकारिणी के गठन की प्रक्रिया अपनाई जाती है, जिसके तहत इस बार नई कार्यकारिणी का गठन किया गया।
निर्वाचन प्रक्रिया में वरिष्ठ सामाजिक जनों का सहयोग

निर्वाचन कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में राम भजन पटेल, कुंज बिहारी पटेल, कैलाश पटेल, राजेंद्र चंद्रौल, श्रीमती संजू लता सिंगौर, श्रीमती रेखा सिंगौर एवं संजय पटेल सहित कई सामाजिक जनों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सामाजिक प्रबुद्ध जनों की उपस्थिति में पूरी निर्वाचन प्रक्रिया विधिवत रूप से संपन्न हुई।
सी.बी. पटेल एडवोकेट निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित

निर्वाचन प्रक्रिया में सी.बी. पटेल एडवोकेट को निर्विरोध जिला अध्यक्ष चुना गया। उनके नेतृत्व में समाज को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई गई। अध्यक्ष पद ग्रहण करने के बाद उन्होंने समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर संगठन को मजबूत बनाने और सामाजिक उत्थान के लिए निरंतर कार्य करने की बात कही।
उपाध्यक्ष सहित अन्य पदों पर हुई नियुक्तियां

नई कार्यकारिणी में वसंत पटेल (स्नेहा ट्रैक्टर मंडला), सुरेंद्र पटेल देवगांव, सुरेश चौधरी (नेहा पैथोलॉजी मंडला) एवं गणेश पटेल खैरी को उपाध्यक्ष बनाया गया।
वहीं निर्मल पटेल नारा को सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई। संयुक्त सचिव के रूप में चंदन पटेल को अवसर मिला। कार्यकारिणी सदस्य के रूप में कुंदन पटेल मांद, संदीप सिंगौर बोरिया एवं अरविंद पटेल जंतीपुर को दायित्व प्रदान किया गया। प्रियदर्शन पटेल को पुनः कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया।
सामाजिक विकास और नवीन चेतना पर हुई चर्चा

कार्यक्रम के दौरान समाज के वरिष्ठ एवं प्रबुद्ध जनों ने सामाजिक विकास, संगठन की मजबूती और सामाजिक संस्कारों को बढ़ावा देने पर अपने विचार व्यक्त किए। रघुनंदन पटेल, राजाराम पटेल, महेश पटेल, दादू भाई पटेल, बसंत पटेल, केसरी पटेल और यदुनंदन सिंह पटेल सहित कई वक्ताओं ने समाज को संगठित और जागरूक बनाने पर जोर दिया।
नारा से पहुंचे अमूल पटेल ने सामाजिक संस्कारों एवं आयोजनों को लेकर अपने विचार रखते हुए समाज में नई चेतना लाने का आह्वान किया।
समाज को मजबूत बनाने का लिया संकल्प

नवनिर्वाचित अध्यक्ष सी.बी. पटेल ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि उनका प्रयास समाज के हर वर्ग तक पहुंचकर संगठन को सशक्त बनाने और सामाजिक विकास के कार्यों को गति देने का रहेगा। उन्होंने सभी समाजजनों से एकजुट होकर समाजहित में कार्य करने की अपील की।








